
लोनावला-करजात घाट सेक्शन में हुए बड़े भूस्खलन के बाद बहाली कार्य तेज़ी से जारी है। इसी बीच सेंट्रल रेलवे (CR) ने 9 और 10 जुलाई के लिए कई प्रमुख ट्रेनों को रद्द, पुनर्निर्धारित (Reschedule) और आंशिक रूप से संचालित (Short-Terminate/Short-Origin) करने की घोषणा की है। रेलवे ने यात्रियों से यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेन की स्थिति जांचने की अपील की है।
सेंट्रल रेलवे के अनुसार, तीन लाइनों वाले घाट सेक्शन की मध्य लाइन को 7 जुलाई की शाम सुरक्षित घोषित कर दिया गया है। हालांकि शेष दो लाइनों पर मरम्मत और बहाली का कार्य अभी भी युद्धस्तर पर जारी है। प्रभावित क्षेत्र में 1,100 से अधिक कर्मचारी तैनात किए गए हैं और अप लाइन के लगभग छह किलोमीटर हिस्से को बहाल कर लिया गया है।
मरम्मत कार्य के चलते कई महत्वपूर्ण ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुई हैं। 9 जुलाई को 12124 पुणे-सीएसएमटी डेक्कन क्वीन, 12123 सीएसएमटी-पुणे डेक्कन क्वीन, 11007 सीएसएमटी-पुणे डेक्कन एक्सप्रेस, 11008 पुणे-सीएसएमटी डेक्कन एक्सप्रेस, 12127 सीएसएमटी-पुणे इंटरसिटी एक्सप्रेस, 12128 पुणे-सीएसएमटी इंटरसिटी एक्सप्रेस तथा 11042 साईनगर शिर्डी-दादर एक्सप्रेस को रद्द कर दिया गया है।
इसके अलावा 10 जुलाई को 11027 दादर-सातारा एक्सप्रेस भी रद्द रहेगी।
रेलवे ने कुछ ट्रेनों के संचालन में बदलाव भी किया है। 11301 सीएसएमटी-बेंगलुरु एक्सप्रेस (9 जुलाई) अब मुंबई के बजाय पुणे से रवाना होगी। वहीं सीएसएमटी-हावड़ा एक्सप्रेस, हडपसर-नांदेड़ एक्सप्रेस, पुणे-एर्नाकुलम एक्सप्रेस और पुणे-अहमदाबाद एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों के प्रस्थान समय में बदलाव किया गया है और इन्हें गुरुवार सुबह पुनर्निर्धारित समय पर चलाया जाएगा।
रेलवे ने बताया कि पहले प्रभावित हुई कुछ सेवाएं अब सामान्य मार्ग पर लौट आई हैं। इनमें चेन्नई-सीएसएमटी एक्सप्रेस, चेन्नई-एलटीटी एक्सप्रेस, बेंगलुरु-सीएसएमटी एक्सप्रेस और भुवनेश्वर-सीएसएमटी एक्सप्रेस शामिल हैं। इससे पहले इन ट्रेनों को ठाणे-दिवा-पनवेल-करजात मार्ग से डायवर्ट कर संचालित किया जा रहा था ताकि रेल संपर्क बना रहे।
गौरतलब है कि 5 जुलाई को लगातार हुई भारी मानसूनी बारिश के कारण लोनावला-करजात घाट क्षेत्र में बड़ा भूस्खलन हुआ था। इसके चलते न केवल रेलवे ट्रैक प्रभावित हुए, बल्कि राजमाची किले की ओर जाने वाली सड़क भी मलबे से बंद हो गई थी। इसके बाद अर्थमूवर मशीनों की मदद से बड़े पैमाने पर मलबा हटाने का अभियान चलाया गया।
इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पुणे जिले के मावल तहसील क्षेत्र में 10 जुलाई तक बादल छाए रहने और मध्यम बारिश की संभावना जताई है। मौसम की स्थिति को देखते हुए सेंट्रल रेलवे ने यात्रियों से सलाह दी है कि वे यात्रा से पहले नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम (NTES) के माध्यम से अपनी ट्रेन की ताज़ा जानकारी अवश्य प्राप्त करें।

