
नई दिल्ली: दक्षिण दिल्ली के अलकनंदा और सीआर पार्क इलाके की गेटेड सोसायटियों में हाल के दिनों में आपराधिक घटनाओं को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है। ताज़ा मामला गंगोत्री एन्क्लेव, अलकनंदा की एक हाई-स्केल सोसायटी का है, जहां घर के मंदिर से भगवान लड्डू गोपाल की सोने की चेन चोरी होने की घटना सामने आई है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, घटना वाले दिन सुबह उन्होंने रोज़ की तरह पूजा-अर्चना की और लड्डू गोपाल का श्रृंगार करते हुए उनके गले में सोने की चेन पहनाई थी। इसके बाद वे अपने कार्यालय के लिए निकल गए।
रात में जब लड्डू गोपाल का श्रृंगार उतारना शुरू किया गया, तब चेन गायब पाई गई। घर के मंदिर स्थल में तुरंत खोजबीन की गई, लेकिन चेन का कोई सुराग नहीं मिल सका। अगले दिन भी दोबारा तलाश की गई, ताकि किसी पर बेवजह आरोप न लगे।
शिकायतकर्ता का कहना है कि यह चेन धार्मिक और भावनात्मक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण थी।
परिवार ने इस घटना में घरेलू सहायिका पर संदेह जताया है, क्योंकि घटना के समय घर में वही मौजूद थी जबकि अन्य परिवार सदस्य सो रहे थे। शिकायतकर्ता का दावा है कि उनके पास सीसीटीवी से प्राप्त कुछ तस्वीरें हैं। साथ ही, उन्होंने आशंका जताई है कि संबंधित सहायिका ने कथित तौर पर जानबूझकर सीसीटीवी को निष्क्रिय किया हो सकता है। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी तक किसी भी व्यक्ति की संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
मामले में शनिवार रात को FIR दर्ज की गई है। हालांकि, शिकायतकर्ता का आरोप है कि शनिवार को FIR दर्ज होने के बाद भी सोमवार रात तक पुलिस जांच शुरू नहीं कर पाई है। उनका कहना है कि पुलिस ने व्यस्तता का हवाला दिया है।
यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब इसी इलाके की एक अन्य पॉश सोसायटी में हाल ही में दोहरे हत्याकांड ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया था।
हाल ही में अलकनंदा स्थित तारा अपार्टमेंट्स में एक बुजुर्ग व्यक्ति और उनके बेटे की हत्या का मामला सामने आया था, जिससे इलाके में सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ गई है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि लगातार हो रही घटनाओं ने गेटेड सोसायटियों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। उनका मानना है कि घरेलू सहायकों का सत्यापन, सीसीटीवी की नियमित निगरानी और एंट्री-एग्जिट सिस्टम को और सख्त करने की आवश्यकता है।
फिलहाल, पीड़ित परिवार ने जल्द से जल्द जांच शुरू करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, इलाके के लोग प्रशासन से सुरक्षा बढ़ाने की अपील कर रहे हैं।





