
अंतरराष्ट्रीय प्लास्टिक बैग मुक्त दिवस के अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राजधानीवासियों से सिंगल-यूज प्लास्टिक बैग का उपयोग पूरी तरह बंद करने और कपड़े या जूट के थैलों को अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का अभियान नहीं बल्कि दैनिक जीवन की आदत बनना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी संदेश में लोगों से प्लास्टिक मुक्त दिल्ली बनाने में सक्रिय भागीदारी की अपील की। उन्होंने कहा कि घर से बाहर निकलते समय कपड़े या जूट का बैग साथ रखें और छोटे-छोटे प्रयासों से स्वच्छ, हरित और प्लास्टिक मुक्त राजधानी के निर्माण में योगदान दें।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत ग्रीन ड्राइव पोर्टल का शुभारंभ किया। उन्होंने बताया कि दिल्ली सरकार राजधानी में 70 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य लेकर चल रही है और इस अभियान में अधिक से अधिक नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
ग्रीन ड्राइव पोर्टल के माध्यम से नागरिक मेगा प्लांटेशन ड्राइव के लिए स्लॉट बुक कर सकते हैं, ‘एनवायरमेंटल सेवियर’ के रूप में पंजीकरण करा सकते हैं तथा निकटतम सरकारी नर्सरी से निःशुल्क पौधे प्राप्त करने के लिए आवेदन कर सकते हैं। ‘वृक्ष रथ’ पहल के तहत वन विभाग की टीमें घरों, शिक्षण संस्थानों और आवासीय क्षेत्रों में पौधारोपण के लिए तकनीकी सहायता, उपकरण और पौधे उपलब्ध कराएंगी।
इस अभियान के अंतर्गत पीपल, बरगद, गूलर, नीम, अर्जुन और जामुन जैसे देशी एवं दीर्घायु वृक्ष लगाए जाएंगे। दिल्ली सरकार राजधानी में 100 ऑक्सीजन पार्क विकसित करने की भी योजना पर काम कर रही है।
पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने बताया कि ग्रीन ड्राइव पोर्टल पर दिल्ली की सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में पौधारोपण स्थलों का मानचित्र तैयार किया गया है, जिससे नागरिक अपनी सुविधा के अनुसार स्थान चुनकर अभियान में शामिल हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल निर्धारित स्थलों तक सीमित नहीं है, बल्कि घरों, स्कूलों, कॉलेजों और रूफटॉप गार्डन में भी हरियाली बढ़ाने को प्रोत्साहित करता है।




