
भाजपा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशव्यापी ‘सेवा संकल्प अभियान’ की घोषणा की है। पार्टी अध्यक्ष नितिन नबीन ने बुधवार को बताया कि यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक महीने चलेगा। प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष 7 अक्टूबर 2026 को पूरे होंगे।
नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान नबीन ने बताया कि अभियान के जरिए मोदी की एक सामान्य पार्टी कार्यकर्ता से देश के ‘प्रधान सेवक’ तक की यात्रा और उनके कार्यकाल में शुरू की गई विभिन्न पहलों को लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर रक्तदान शिविर से होगी। इसी दिन ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। 2 अक्टूबर को स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। पार्टी मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन, शासन, विकास कार्यों और कल्याणकारी योजनाओं पर फोटो और डिजिटल प्रदर्शनियां भी लगाएगी।
नबीन ने कहा कि अभियान के दौरान सुशासन, विकास और अंत्योदय जैसे विषयों पर सेमिनार और बौद्धिक मंच आयोजित किए जाएंगे। युवाओं और समाज के विभिन्न वर्गों के साथ संवाद कार्यक्रम होंगे। केंद्र और राज्य सरकारों की कल्याणकारी योजनाओं तथा उनके लाभों की जानकारी देने के लिए विशेष शिविर भी लगाए जाएंगे।
भाजपा अध्यक्ष ने मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री कार्यकाल से जुड़े विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने नर्मदा परियोजना और वाइब्रेंट गुजरात जैसी पहलों को राज्य में निवेश और विकास को गति देने वाला बताया। उन्होंने स्टार्टअप इकोसिस्टम, खेल, महिला सशक्तीकरण और सीमावर्ती क्षेत्रों में विकास को भी सरकार की उपलब्धियों से जोड़ा।
नबीन के अनुसार, ‘सेवा संकल्प अभियान’ के राष्ट्रीय संयोजक की जिम्मेदारी भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े को दी गई है। प्रत्येक राज्य में सात सदस्यीय टीम अभियान के कार्यक्रमों का समन्वय करेगी।
नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेकर अपने सक्रिय सार्वजनिक जीवन की शुरुआत की थी। करीब 13 वर्ष तक गुजरात के मुख्यमंत्री रहने के बाद उन्होंने 2014 में देश के प्रधानमंत्री पद की जिम्मेदारी संभाली।



