
आरएमएल और लेडी हार्डिंग अस्पताल पहुंचकर घायलों का जाना हाल, डॉक्टरों से भी की चर्चा
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने सोमवार को नई दिल्ली स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया (RML) अस्पताल और लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का दौरा कर NEET-UG 2026 के कथित प्रश्नपत्र लीक के विरोध प्रदर्शन के दौरान घायल हुए छात्रों और प्रदर्शनकारियों का हालचाल जाना।
स्वास्थ्य मंत्री ने सबसे पहले आरएमएल अस्पताल पहुंचकर डॉक्टरों के साथ बैठक की और वहां भर्ती घायलों की स्वास्थ्य स्थिति की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों से उपचार की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी चर्चा की।
लेडी हार्डिंग अस्पताल में भी घायलों से की मुलाकात
इसके बाद जेपी नड्डा ने लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का दौरा किया, जहां विरोध प्रदर्शन में घायल हुए कुछ छात्र और प्रदर्शनकारी उपचाराधीन हैं। उन्होंने अस्पताल में भर्ती घायलों से मुलाकात कर उनका हालचाल पूछा तथा उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
पेपर लीक के विरोध में हुआ था प्रदर्शन
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में NEET-UG 2026 के कथित परीक्षा प्रश्नपत्र लीक को लेकर छात्रों द्वारा विरोध प्रदर्शन किया गया था। प्रदर्शन के दौरान हुई झड़प में कई लोग घायल हो गए थे, जिन्हें विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से कहा गया कि सभी घायलों को आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।




