
डीएमआरसी ने इंटरचेंज सुविधा और सभी गेट खोले, यात्रियों को मिली राहत
दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने यात्रियों के लिए बड़ी राहत देते हुए राजीव चौक और सेंट्रल सचिवालय मेट्रो स्टेशनों पर इंटरचेंज सुविधा तथा सभी प्रवेश और निकास द्वार दोबारा खोल दिए हैं। डीएमआरसी ने बताया कि दोनों स्टेशनों पर अब सामान्य रूप से यात्रियों की आवाजाही शुरू हो गई है।
सुरक्षा कारणों से अस्थायी रूप से बंद किए गए थे स्टेशन
इससे पहले सुरक्षा कारणों के चलते जनपथ, राजीव चौक, पटेल चौक, सेंट्रल सचिवालय और सेवा तीर्थ मेट्रो स्टेशनों को अगले आदेश तक बंद कर दिया गया था। एहतियात के तौर पर इन स्टेशनों पर यात्रियों के प्रवेश, निकास और इंटरचेंज सुविधाओं को अस्थायी रूप से रोक दिया गया था।
यात्रियों को सामान्य सेवाएं मिलने लगीं
डीएमआरसी के ताजा अपडेट के अनुसार, राजीव चौक और सेंट्रल सचिवालय मेट्रो स्टेशनों पर अब इंटरचेंज सुविधा बहाल कर दी गई है और सभी गेट खोल दिए गए हैं। इससे दैनिक यात्रियों और ऑफिस जाने वाले लोगों को काफी राहत मिलेगी। हालांकि, अन्य प्रभावित स्टेशनों को लेकर डीएमआरसी की ओर से फिलहाल अलग से कोई नई घोषणा नहीं की गई है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि यात्रा से पहले आधिकारिक अपडेट अवश्य देखें।
डीएमआरसी लगातार स्थिति पर रखे हुए है नजर
डीएमआरसी ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है। जैसे-जैसे हालात सामान्य होंगे, आवश्यकतानुसार आगे की जानकारी साझा की जाएगी।




