आजसू पार्टी के केन्द्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने कहा है कि बदलाव के लिए युवा नेतृत्व संभालें। देश और राज्य में वर्तमान समय में कई चुनौतियों हैं। युवा शक्ति को आज पूरे देश की जरूरत है। युवा आगे आयें निश्चित रूप से आपकी ताकत समाज के हर क्षेत्र में बदलाव लायेगी। जो लोग प्रदेश के हित में सोचते हैं, पार्टी उन्हें प्लेटफार्म देने का काम करेगी। राज्य में कई ऐसे मुद्दे हैं जिस पर राजनीति यदि होगी तो वह देश के समझ उदाहरण होगा। ये बातें उन्होंने शुक्रवार को पार्टी के मिलन समारोह में आजसू पार्टी में शामिल होने आये कार्यकर्ता को संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि हमें विश्वास है कि आपकी ताकत राज्य को गति प्रदान करेगी। सभी कार्यकर्ताओं का एक लक्ष्य होना चाहिए कि पार्टी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाएं और लोगों को जोड़ें। पार्टी में हर कार्यकर्ता का महत्व है। राजनीति को पार्ट टाईम की तरह नहीं लेना चाहिए क्योंकि इसी से राज्य, समाज, परिवार एवं व्यक्ति को लेकर सभी महत्वपूर्ण निर्णय होते हैं। राज्य के निर्माण में सबको अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि झारखण्ड राज्य आपका है इसको संवारना और देश में अव्वल राज्य के रूप में स्थापित करने की जिम्मेदारी भी आपकी है। आजसू पार्टी उन विचारों का एक माध्यम है।
इस मौके पर अपने समर्थकों के साथ पार्टी में शामिल होने वाले कृष्णा नायक ने कहा कि राज्य नवनिर्माण की लड़ाई में आजसू पार्टी के प्रमुख सुदेश कुमार महतो का साथ देने पूरे प्रदेश से युवा आगे आ रहे हैं। सुदेश महतो के नेतृत्व में मां और माटी की लड़ाई को आगे बढ़ाना है। झारखंडी स्वाभिमान, झारखंडी संस्कृति और झारखंडी अस्मिता की रक्षा को लेकर यदि कोई पार्टी चिंतित नजर आती है तो वह है आजसू पार्टी। वहीं जिला कोषाध्यक्ष विरेंद्र तिवारी ने कहा कि क्षेत्र कोई भी हो युवाओं को आत्मविश्वास के साथ उसका नेतृत्व करने के लिए आगे आना चाहिए। हमें खुशी है कि आपलोगों ने आजसू पार्टी में विश्वास व्यक्त किया है और अपनी सक्रिय भागीदारी के लिए आगे आए हैं।