जदयू मुख्य प्रवक्ता सह विधान पार्षद संजय सिंह ने कहा कि यात्रा करने से सत्ता नहीं मिलती है, अगर ऐसा होता तो कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी कब के प्रधानमंत्री बन जाते।
संजय सिंह ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव बिहार घूमना चाहते हैं तो घूम लें। पर्यटन के लिहाज से बिहार बहुत अच्छा है और यहां का इतिहास भी काफी मजबूत है। तेजस्वी तो हवाई जहाज से लैंड करने वालों में से हैं। उन्हें ना तो बिहार की संस्कृति के बारे में पता है और ना ही यहां की विरासत के बारे में। संजह सिंह ने कहा कि राजनीतिक यात्रा निकालने के लिए सामाजिकता का ज्ञान होना जरुरी होता है। सिर्फ देखा-देखी यात्रा निकालने वाले यह बताएं कि उनकी यात्रा का उद्देश्य क्या है?
संजय सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार तो हर साल अपनी यात्रा निकालते हैं। जनता के बीच सरकार की योजनाओं का क्या हाल है, जानने की कोशिश करते हैं। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष बिहार मॉडल को देखकर जलन हो रही है क्योंकि इस बिहार मॉडल में जंगलराज की एंट्री नहीं है। बिहार का मॉडल नीतीश कुमार ने बनाया है और इसमें दिन-रात मेहनत की है।