रांची नगर निगम में पहली बार दलीय आधार पर चुनाव हो रहा है। सभी पार्टियां अपने प्रत्याशियों को जिताने के लिए मैदान में उतर कर खूब काम कर रही हैं। हर प्रकार की रणनीति सेट की जा रही है जिससे प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित की जा सके। इसी कवायद के तहत शिबू सोरेन के मोरहाबादी स्थित आवास में झारखंड युवा मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष बसंत सोरेन से झामुमो मेयर प्रत्याशी वर्षा गाड़ी के नेतृत्व में रांची जिला मजदूर ई-रिक्शा चालक संगठन ने मुलाकात की और अपना समर्थन झामुमो को देने की घोषणा की। संगठन के लोगों ने कहा कि अब उनका आखिरी विकल्प झामुमो ही है। उन्होंने अपनी समस्या से बसंत सोरेन को अवगत कराया। बसंत सोरेन ने सभी का स्वागत किया और कहा कि रांची नगर का चुनाव पार्टी के लिए महत्वपूर्ण है। यह चुनाव राज्य की दशा और दिशा तय करेगी। समर्थन देने वालों में आरिफ खान, विभाष मिश्रा, सलमान गद्दी, लोकेश सिंह परवेज गद्दी, साजिद, शफीक अंसारी व सैकड़ों लोग मौजूद थे।