झारखण्ड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष डा0 रामेश्वर उराॅंव ने गोड्डा जिला में जबरन इसाई धर्म अपनाने का दबाव देने एवं जमीन विवाद की वास्तविकता की जाॅंच हेतु एक चार सदस्यीय जाॅंच समिति का गठन किया है, जिसमें बादल पत्रलेख, विधायक, जरमुण्डी को संयोजक, इरफान, अध्यक्ष अल्पसंख्यक विभाग, साईमन मरांडी, पोड़ैयाहाट एवं रणविजय सिंह, धनबाद को सदस्य बनाया गया है।
उक्त आशय की जानकारी देते हुए प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रवक्ता लाल किशोरनाथ शाहदेव ने बताया कि गोड्डा जिला के सदर अंचल अंतर्गत देवडांड़ थाने में राजदाहा गांव में जबरन धर्मांतंरण की कोशिश एवं आदिवासियों की जमीन कब्जा करने के मामले में चर्च के फादर, ग्राम प्रधान रामेश्वर ठाकुर, चार्लिस हांसदा, पिपरजोरिया के मुन्ना हांसदा के विरूद्ध प्राथमिक दर्ज किया गया है। राजदाहा के लखीराम बेसरा का कहना है कि हमारी जमीन 14 बिघा पर चर्च के फादर जबरन घेराबंदी कर रहे है एवं उन्हें जबरन ईसाई धर्म अपनाने का दबाव दे रहे हैं। दूसरी ओर चर्च का कहना है कि जमीन की खरीद बहुत पहले की गयी थी। असत्य विवाद खड़ा किया गया।
श्री शाहदेव ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष डा0 उराॅंव ने समिति को एक सप्ताह के अन्दर गोड्डा जाकर वास्तविकता की जाॅंच कर तथ्यात्मक प्रतिवेदन प्रदेश कांग्रेस कार्यालय को नियत समय पर समर्पित करने का निर्देश दिया है।