ऐसा लगता है कि भाजपा के अंदरूनी उठापटक का फायदा उठाने को विपक्ष तैयार बैठा है। हो भी क्यों नहीं भाजपा ने जो झाविमो के विधायकों को लपक कर किया है उसका बदला तो विपक्ष देर-सबेर लेगा ही। इसलिए अनुशासनहीनता के आरोप में रविवार को भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित सीमा शर्मा को सोमवार को झारखंड प्रदेश राष्ट्रीय जनता दल की ओर से पार्टी में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया। यह आमंत्रण राजद की झारखंड प्रदेश अध्यक्ष अन्नपूर्णा देवी की ओर से भेजा गया।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के दिन अब लद गए हैं। पार्टी के प्रति समर्पित कार्यकर्ताओं को अपमानित और निलंबित किया जा रहा है। यह पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं के लिए बेहद दुखद बात है। भाजपा से निष्कासित सीमा शर्मा का राजद परिवार से स्वागत है। हालांकि इसके लिए सीमा शर्मा ने अन्नपूर्णा देवी को धन्यवाद देते हुए कहा कि मैं अभी भी बीजेपी में ही हूं। पार्टी के कार्यकर्ता और पार्टी अध्यक्ष मेरे साथ खड़े हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की है कि पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबन जल्द समाप्त हो जायेगा। उन्होंने कहा कि वे हर वक्त भाजपा के हित के लिए कार्य करेंगी। ज्ञात हो कि रविवार को रिम्स ऑडिटोरियम में आयोजित भाजपा कार्यसमिति की बैठक के दौरान घटी घटना के बाद पार्टी ने अनुशासनहीनता के आरोप में सीमा शर्मा को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया था।