उत्तर प्रदेश में अपनी सियासी जमीन मजबूत करने के लिए सपा के पूर्व महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने तेजी से काम करना शुरू कर दिया है। शिवपाल प्रदेश का दिन रात दौरा कर रहे हैं, कोशिश कर रहे हैं कि सेक्युलर मोर्चा के जरिए सूबे में सियासी पकड़ ठोस की जाए। इसी कड़ी शिवपाल सिंह यादव का सहारनपुर जाते हुए मेरठ में मोदीपुरम चेक पोस्ट पर स्वागत किया गया।
इस मौके पर मीडिया से बात करते हुए शिवपाल यादव ने कहा कि सपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव का आशीर्वाद उन्हें मिला है, महागठबंधन में उनके मोर्चे को भी शामिल किया जाना चाहिए। मुझे नहीं बुलाया गया, समान विचारधारा के 40 छोटे-छोटे दल उनके साथ हैं।
शिवपाल ने कहा कि सेक्युलर मोर्चा लोकसभा का चुनाव मजबूती के साथ लड़ेगा। गठबंधन हुआ तो चुनाव के परिणाम कुछ और ही होंगे। साथ ही कहा मुलायम सिंह यादव को सेक्युलर मोर्चा से चुनाव लड़ने के लिए ऑफर दिया है।
बता दें कि कुछ दिनों पहले भी शिवपाल ने एक बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि परिवार और समाजवादी परिवार को जोड़ने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन उन्हें बेइज्जत किया गया। उन्होंने भाजपा के संपर्क में रहने की बातों को सिरे से खारिज किया था।
पिछले दिनों शिवपाल ने कहा था कि नेताजी के साथ मिलकर सपा का गठन किया। इसके टूटने का दर्द है। पिछले दो साल से वह परिवार और समाजवादी परिवार को एक रखने की कोशिश करते चले आ रहे थे। लेकिन ऐसा संभव नहीं हो पाया। सपा ही नहीं बल्कि अन्य राजनीतिक दलों में भी जो पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपेक्षित हैं, उनका मोर्चे में स्वागत किया जाएगा। हमारा लक्ष्य उत्तर प्रदेश की तस्वीर बदलना है। मोर्चा प्रदेश की सभी लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगा। उन्होंने कहा कि दबे कुचलों ओर वंचितों को उनका हक न्याय दिलाना ही मोर्चे का लक्ष्य है।