उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा कि बिहार में एक नेता ने जमीन, मिट्टी और मॉल से संपत्ति बनाने के लिए सत्ता का दुरुपयोग किया। सत्ता का दुरुपयोग करने वाले लोग अब बालू पर राजनीति की इमारत खड़ी करना चाहते हैं।
सुशील कुमार मोदी ने कहा कि सीताराम केसरी को कांग्रेस अध्यक्ष पद से अपमानित कर हटाने के बाद 1998 में सोनिया गांधी ने पार्टी की कमान संभाली थी। 19 साल बाद भी अपना पद पुत्र राहुल गांधी को सौंप रही हैं। राहुल गांधी पहले ही बिहार के एक महादलित नेता को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद से अपमानित कर हटा चुके हैं। उनके अध्यक्ष बनने से साफ हो गया है कि कांग्रेस में वंशवाद के साथ-साथ पिछड़े-दलितों के अपमान की कुप्रथा भी जारी है।
सुशील कुमार मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार ने 2016-17 में 2 लाख 14 हज़ार करोड़ की बीमा राशि के साथ 5.57 करोड़ किसानों का फसल बीमा कराया। अब 50 फीसदी की जगह 33 फिसदी फसल के नुकसान पर डेढ़ गुना ज्यादा सहायता मिलने लगी है।