रांची नगर निगम चुनाव में मेयर प्रत्याशी अजय तिर्की और डिप्टी मेयर प्रत्याशी डॉ राजेश कुमार गुप्ता ने बुधवार को कांग्रेस मुख्यालय में पूर्व केंद्रीय मंत्री वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुबोध कांत सहाय से मुलाकात की। इस अवसर पर श्री सहाय ने कहा कि जिस तरह राजधानी का नगर निगम नरक निगम और ठेकेदारी का अड्डा बना हुआ है आने वाले समय में कांग्रेस प्रत्याशी को जिताकर उसे आम जनता के लिए सुलभ कराना कांग्रेस की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि राजधानी की जनता बीजेपी के कारनामों का माकूल जवाब देगी।
उन्होंने कहा कि आज के बदलते परिवेश में जिस तरह भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेता कुछ उद्योगपतियों के हाथों कठपुतली बने हुए हैं, उससे जनता उब चुकी है। 2019 में बदलाव होना तय है। इसलिए हम सब कांग्रेस जनों का फर्ज है तन-मन और धन से संगठन को मजबूत कर आम जनता की समस्याओं को लेकर सड़क से सदन तक लड़ाई लड़ें।
इस अवसर पर अजय राय, विनय सिन्हा दीपू, राकेस सिन्हा, राजन बर्मा, मनीष सिंह संटू, निरंजन शर्मा, अरुण श्रीवास्तव,राजेश सिन्हा सन्नी सहित सैकड़ों कोंग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।