जनता दल यूनाईटेड के बागी नेता शरद यादव सोमवार को आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव से मिलने रांची के बिरसा मुंडा जेल पहुंचे। पत्रकारों से बातचीत करते हुए शरद यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों के कारण देश के अर्थव्यवस्था की स्थिति आज दयनीय हो गई है।
देश का गरीब और किसानों के नाम पर बीजेपी की सरकार छलने का काम कर रही है। उन्होंने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि नोटबंदी से पूरे देश की अर्थव्यवस्था चरमरा गई है। इसका सबसे ज्यादा नुकसान देश की गरीब जनता का हुआ है। लाखों नौजवानों की नौकरियां खत्म हो गई हैं। इसलिए पूरे विपक्ष को एकजुट होकर बीजेपी सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद करने की जरुरत है। देश को बचाने के लिए विपक्षी एकता आज बेहद जरुरी है।
लालू यादव से मिलने आज पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव के अलावा, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झाविमो प्रमुख बाबूलाल मरांडी और झाविमो नेता प्रदीप यादव भी पहुंचे।