भाजपा के सांसद और प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा ने कहा है कि कृषि मंत्री रणधीर सिंह को पार्टी की ओर से कोई कारण बताओ नोटिस जारी नहीं किया गया है। लक्ष्मण गिलुवा ने आज रांची में पार्टी पदाधिकारियों की बैठक शुरू होने के पहले पत्रकारों से बातचीत करते हुए मंत्री रणधीर सिंह को भाजपा की ओर से कोई नोटिस जारी नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि रणधीर सिंह ने पहले ही मुख्यमंत्री और पार्टी के समक्ष अपनी स्थिति स्पष्ट कर दी है, इसलिए इस मुद्दे पर कुछ भी कहने की जरुरत नहीं है।
लक्ष्मण गिलुवा ने बताया कि प्रदेश संगठन की ओर से कृषि मंत्री को किसी प्रकार का नोटिस नहीं दिया गया है। उन्होंने कहा कि वे इसे जरूरी नहीं समझते हैं, क्योंकि रणधीर सिंह की ओर से पहले ही स्थिति स्पष्ट कर दी गयी है। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति कहता है कि हमने कुछ नहीं कहा, तो बात यहीं खत्म हो जाती है।
गौरतलब है कि कृषि मंत्री रणधीर सिंह पर अपने विधानसभा क्षेत्र में आयोजित कार्यकर्त्ता सम्मेलन के दौरान पार्टी विरोधी वक्तव्य देने का आरोप है। सोशल मीडिया में वायरल वीडियो में रणधीर सिंह की ओर से यह कहने की बात सामने आयी थी कि वे भाजपा को तेल नहीं लगाएंगे, क्योंकि सरकार चलाने के लिए भाजपा को ही उनकी जरुरत है।