प्रदेश जदयू के मुख्य प्रवक्ता संजय सिंह ने कहा है कि विकास और तेजस्वी यादव का तालमेल कहीं से फिट नहीं बैठता। तेजस्वी यादव के मुंह से विकास की बात सुनकर दुनिया का आठवां अजूबा लगता है। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव को बताना चाहिए कि उनके परिवार ने 15 साल बिहार में शासन किया पर उसके शासन में कितने कारखाने, कितने विश्वविद्यालय खुले? उद्योग के कितने प्रस्ताव आए?
जदयू प्रवक्ता ने कहा कि लालू प्रसाद के शासनकाल में तो लूट, हत्या, नरसंहार और पलायन सुर्ख़ियों में था। पर आज नीतीश कुमार के शासनकाल में शराबबंदी, दहेजबंदी और बाल विवाह के खिलाफ चल रहे अभियान की चर्चा हो रही है। नीतीश कुमार को अपनी इमेज बनाने की जरुरत नहीं। उनके विकास के काम से ही उनका इमेज बनता चला गया है।
संजय सिंह ने कहा कि आज मुख्यमंत्री का नाम देश और दुनिया में इसलिए है कि उन्होंने बिहार में सकारात्मक बदलाव किया। उन्होंने कहा मुख्यमंत्री विकास पुरुष के नाम से जाने जाते हैं। इमेज तो उन लोगों को बनाने की जरुरत है जिनके साथ बदनामी का चोली दामन का रिश्ता रहा है। जनता लालू परिवार को समझ चुकी है।