तृणमूल कांग्रेस ने नीरव मोदी और विजय माल्या जैसे लोगों द्वारा आम लोगों का पैसा लेकर विदेश भागने को केंद्र की मोदी सरकार की नाकामी बताया है। तृणमूल ने आरोप लगाया है कि पीएनबी घोटाले में केंद्र सरकार और नीरव मोदी की मिलीभगत है। इसके साथ ही बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भी जमकर निशाना साधा।
तृणमूल कांग्रेस के विधायक अर्जुन सिंह ने केंद्र सरकार पर हमला करते हुए कहा कि भाजपा की सरकार धर्म की राजनीति कर भारतीय लोगों को बांट रही है। भारत के सभी प्रान्तों में किसान आत्महत्या कर रहे हैं। उस पर तो केंद्र सरकार ने गंभीरता से विचार नहीं किया। लेकिन धर्म के नाम पर आपसी सौहार्द बिगाड़ने में बीजेपी नेता लगे रहते हैं। ये बातें उन्होंने शनिवार को बिहार प्रदेश तृणमूल कांग्रेस के महाअधिवेशन में कही।
उन्होंने कहा कि लोग अब धर्मनिरपेक्ष चेहरे की तलाश कर रहे हैं। जिसके कारण पूरे देश में ममता बनर्जी के चेहरे को आम जन ने स्वीकार किया है। उन्होंने पीएम मोदी पर आरोप लगाया कि 11000 करोड़ का पीएनबी घोटाला नीरव मोदी और केंद्र सरकार की मिलीभगत से हुआ है। गरीब जनता का पैसा विजय माल्या और नीरव मोदी जैसे लोग लेकर भाग जा रहे हैं। अब बीजेपी भगवान राम के नाम पर लोगों को बरगला रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर हमला बोलते हुए कहा कि नीतीश कुमार कुर्सी के भूखे हैं। कुर्सी पाने के लिए महागठबंधन की सरकार को गिरा कर भाजपा के साथ हाथ मिला लिया।
अर्जुन सिंह ने कहा कि अगामी लोकसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस पूरे भारत में अपना उम्मीदवार उतारेगी। वहीं तृणमूल कांग्रेस के सांसद एवं बंगाल के प्रदेश अध्यक्ष सुब्रत बक्शी ने कहा कि आने वाले समय में बंगाल की तरह बिहार में भी तृणमूल कांग्रेस की सरकार बनेगी। उन्होंने दावा किया कि 2022 में तृणमूल की सरकार बनेगी।