नगर निगम चुनाव को लेकर झारखंड विकास मोर्चा के सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी ने पत्रकारवार्ता में संकल्प पत्र जारी करते हुए कहा कि रांची नगर निगम को देश के बेहतर निगमों में शुमार करने के प्रति पार्टी कृतसंकल्प है। रांची को ग्रीन, क्लीन और सांस्कृतिक राजधानी के रूप में विकसित करना हमारी प्राथमिकता होगी। पांच वर्षो के अंतर्गत निगम क्षेत्र में पांच करोड़ पेड़-पौधों का रोपन सहित निगम क्षेत्र की पहाड़ियों, टूंगरी को हरा-भरा करना व विकसित करना हमार मिशन होगा, ताकि शहर की जलवायु, पर्यावरण स्वास्थ्यवर्धक हो और वायु प्रदूषण से निजात मिले। शहर के भू-जल स्तर को संरक्षित करने के लिए वर्तमान तालाबों को पुनर्जीवित करना, शहर के पारंपरिक, धार्मिक, एतिहासिक स्थलों का सौंदर्यीकरण कर सांस्कृतिक धरोहरों को अक्षुण्ण रखना। निगमवासियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए प्रत्येक वार्ड में वाटर फिल्टर प्लांट स्थापित करना, प्रत्येक वार्ड में मुहल्ला क्लिनिक खोलना, गली मुहल्लों के सड़कों को चकाचक और सुव्यवस्थित करना, कचड़ों के निस्तारण हेतु ठोस कचड़ा प्रबधन की व्यवस्था सुनिश्चित करना प्राथमिकता होगी, ताकि रांची नगर निगम एक अलग पहचान बना सके।
इस अवसर पर झाविमो महासचिव बंधू तिर्की, केंद्रीय उपाध्यक्ष डॉ आश्रिता कुजूर, केंद्रीय सचिव राजीव रंजन मिश्रा, केंद्रीय कोषाध्यक्ष केके पौद्दार, महापौर प्रत्याशी शिवा कच्छप, उप महापौर प्रत्याशी उत्तम यादव, मीडिया प्रभारी तौहिद आलम, महिला मोर्चा की अध्यक्ष शोभा यादव, महानगर महासचिव जितेंद्र वर्मा सहित अन्य उपस्थित थे।