बिहार के उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा कि जदयू और भाजपा सहयोगी हैं, और दोनों दल वर्ष 2019 में होने वाले आम चुनाव में साथ मिलकर लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि समय आने पर हम साथ मिलकर सीटें बांट लेंगे।
सुशील मोदी ने कहा नरेंद्र मोदी 2019 में एकबार फिर से प्रधानमंत्री बनेंगे और भाजपा जदयू मिल के चुनाव लड़ेगी। जदयू और भाजपा एक दूसरे के लिए बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार 17 वर्षों तक हमारे साथ रहे और एकबार फिर दोनों दल साथ आ गए हैं, यह एक स्वाभाविक गठबंधन है।
बिहार के सांसदों के साथ बैठक के बाद भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा था कि वे राज्य में सभी 40 लोकसभा सीटों पर बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत बनाने में लग जाएं। जदयू ने भी अपने कार्यकर्ताओं से अपील की थी कि वे सभी 40 सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए तैयार रहें।