अपूर्व परासर
केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरिराज सिंह समेत 33 लोगों पर दानापुर स्थित 2 एकड़, 56 डिसमिल जमीन पर जबरन कब्जा करने के मामले में पटना व्यवहार न्यायालय के आदेश पर (केस संख्या 54/2018) एफआईआर दर्ज की गई है। इस खबर के बाद बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव ने एक बार फिर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधा है।
तेजस्वी ने ट्वीट किया, नीतीश जी, आपकी नाक के नीचे आपके दुलारे सहयोगी दल के वरिष्ठ नेता और आपके प्यारे केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने गरीबों की लगभग 3 एकड़ जमीन पर जबरन कब्जा कर लिया है। क्या आप अब गठबंधन तोड़ेंगे? क्या आप इस्तीफा देंगे अंतरात्मा बाबू? है कोई जवाब?
गिरिराज सिंह वही मंत्री हैं, जिनके घर से करोड़ों रुपये कैश की बरामदगी हुई थी, मगर इसके बावजूद वह ईमानदार हैं। इस दौरान तेजस्वी ने बीजेपी नेता और उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश के सबसे बड़े खुलासा मास्टर के मुंह में दही जम गया है, जो वह गिरिराज सिंह के मुद्दे पर चुप बैठे हैं।
तेजस्वी ने ट्वीट किया, “आपके आका नीतीश कुमार बंगले पर बंगले लिए जा रहे हैं, उनके परम सहयोगी केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह गरीबों की जमीन कब्जा रहे! जवाब में गिरिराज सिंह ने ट्वीट कर तेजस्वी पर कानूनी कार्यवाही करने की धमकी दी और कहा कि तेजस्वी जी के ट्वीट से पहली जानकारी मिली,ऐसा प्रतीत होता है कि इसके आर्किटेक्ट वही हाय हैं। एफआईआर के मेरिट पर जानकारी के अभाव में कुछ नही कह सकता, लेकिन कानून का हमेशा सहयोग करूँगा। तेजस्वी जी अपने पिता जी के कन्विक्शन और उसके बाद डूबती राजद की नैया बचाने पर चिंतन करे तो भला होगा।