सूबे में 34 निकायों के चुनाव को लेकर प्रदेश की पार्टियां पूरी तरह से चुनावी मोड में आ चुकी हैं। हर दल अपने प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने के लिए चुनावी रणनीति पर काम कर रहा है। इसके लिए जनसमस्याओं से लेकर विचारधारा के स्तर पर भी लोगों को अपनी ओर आकृष्ट करने के लिए काम किया जा रहा है।
बहरहाल, कांग्रेस ने भी चिरकुंडा नगर परिषद में चुनाव प्रचार की शुरुआत कर दी है। प्रदेश अध्यक्ष डॉ अजय कुमार ने अध्यक्ष पद के प्रत्याशी मुरली तुरी और उपाध्यक्ष पद के अब्दाल अहमद उर्फ शब्बन खान को जीताने के लिए कार्यकार्ताओं को जोरशोर से लगने को कहा। प्रदेश अध्यक्ष ने प्रचार के दौरान बीजेपी पर भी जमकर हमला किया उन्होने कहा कि बीजेपी सरकार आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ा रही है। होल्डिंग टैक्स में अप्रत्याशित वृद्धि कर रही है। वहीं सरकार का निकाय चुनाव के बाद बिजली बिल में भी बढ़ोत्तरी का प्लान है। एससी-एसटी सुरक्षा के लिए बने कानून को भी मोदी सरकार खत्म करना चाहती है। कांग्रेस इसका विरोध कर रही है और देश भर के कांग्रेसी कार्यकर्ता इन नीतियों के खिलाफ संघर्ष कर रहे हैं। इस दौरान दोनों प्रत्याशियों के लिए प्रचार अभियान में पूर्व सांसद ददई दुबे, जिलाध्यक्ष ब्रजेंद्र सिंह पूर्व मंत्री मन्नान मलिक, अभिजित राज, महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष सीता राणा जैसे नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे।