अगले साल कर्नाटक में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले राज्य में राजनैतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। आज (रविवार) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बेंगलुरु पहुंचे जहां उन्होंने प्रदेश भाजपा द्वारा आयोजित 'परिवर्तन यात्रा' रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस जाति के नाम पर लोगों को बांटना चाहती है और देश के लिए एक बोझ साबित हो रही है। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि सिद्धारमैया को आज हिंदुत्व याद आ रहा है।
योगी ने कहा, 'कर्नाटक के मुख्यमंत्री बयान दे रहे हैं कि वह हिंदू हैं। आज जब उन्होंने हिंदुओं की ताकत देखी तो हिंदुत्व याद आ रहा है। ठीक वैसे ही जैसे राहुल गांधी को गुजरात विधानसभा चुनाव के दौरान मंदिर याद आ रहे थे। हिंदुत्व तो भारत की जीवन पद्धति है। हिंदुत्व कोई जाति, मत या मजहब नहीं है बल्कि भारत के अनुसार जीवन जीना है। जीवन की उत्कृष्तम जीवन पद्धति हिंदुत्व है।'
आपको बता दें कि यह योगी आदित्यनाथ का एक महीने के भीतर कर्नाटक का दूसरा दौरा है। इससे पहले पिछले वर्ष दिसंबर माह के दौरान भी उन्होंने हुबली में एक रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा था। रैली को संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा था कि कर्नाटक में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों के बाद कोई भी भाजपा को सरकार बनाने से नहीं रोक सकता।