उत्तर प्रदेश के राजद अध्यक्ष अशोक सिंह ने कहा है कि राजद हमेशा सामाजिक न्याय और गरीबों के स्वाभिमान की लड़ाई लड़ती आई है। इसलिए पार्टी की जड़ें काफी मजबूत हैं और अगर कोई यह समझता है कि राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद को सजा होने से पार्टी बिखर जाएगी तो यह उसकी कोरी कल्पना के सिवाय और कुछ भी नहीं है।
राजद में तेजस्वी यादव जैसे प्रखर युवा नेता हैं जो हर मुद्दे पर पूरी बेबाकी से अपनी राय रखते हैं। तेजस्वी क्षमतावान हैं, उन्होंने राजद के युवा विंग में कई वर्षों तक लगातार काम किया है। राजद का युवा विंग संगठन का रीढ़ है। पिछले विधानसभा चुनाव में तेजस्वी यादव ने पूरे बिहार का दौरा किया और युवा संगठन को जमीन पर मजबूत किया। इसी का नतीजा था कि पिछले विधानसभा चुनाव में राजद का प्रदर्शन शानदार रहा।
श्री सिंह ने कहा कि तेजस्वी यादव को आज हर वर्ग के नेता और कार्यकर्ता साथ देने के लिए खड़े हैं। राजद के सारे वरिष्ठ नेता तेजस्वी यादव को आने वाले समय में राज्य की राजनीति में बड़ी भूमिका में देखना चाहते हैं। 2019 के लोकसभा चुनाव में विपक्षी एकता बिहार में दिखेगी और राजद की उसमें बड़ी भूमिका होगी।
लालू यादव देश की राजनीति में क्या साइडलाइन नहीं हो रहे इस सवाल पर श्री सिंह ने कहा कि देश में जो कुछ हो रहा है उससे विपक्ष कहीं न कहीं मजबूत हो रहा है। पीएम मोदी ने जो वादे किए थे, उसका क्या हुआ। अब जनता उस पर सवाल कर रही है। पीएम की कथनी और करनी में कितना अंतर है ये किसी से छिपा नहीं है। ऐसे समय में देश में विपक्ष का रोल अहम हो जाता है। और लालू यादव आज पूरे देश में एक ऐसे सेक्युलर आवाज हैं जो सरकार की नीतियों के खिलाफ अपनी आवाज लगातार बुलंद कर रहे हैं।
श्री सिंह ने इवीएम पर भी सवाल खड़े किए, उन्होंने कहा कि आज पूरे देश में जब इवीएम पर प्रश्न चिन्ह खड़ा किया जा रहा है तो क्यों इसकी जगह बैलट से चुनाव कराने की व्यवस्था नहीं की जा रही है। देखा जाय तो एक वर्ग विशेष के लोग इस प्रणाली को शक की निगाह से देख रहे हैं। तो जनता के अविश्वास को दूर करना जरूरी है इससे लोकतंत्र की बुनियाद और मजबूत होगी।