मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार पुनर्जागरण के दौर से गुजर रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार ने जैसा प्रबंधन किया है वह अपने आप में एक उदाहरण है। हम लोगों को सुनिश्चित करना चाहिए कि हमारी पार्टी का प्रबंधन भी इसी अनुरूप हो। हमारी पार्टी नई शक्ल, नई ऊर्जा और नई तकनीक के साथ खड़ी हो। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का यही उद्देश्य है। ये बातें शुक्रवार को एक अणे मार्ग स्थित संवाद कक्षा में प्रदेश जदयू के कार्यकर्ता प्रशिक्षण कार्यक्रम में अध्यक्ष एवं सांसद वशिष्ठ नारायण सिंह ने कही।
इस मौके पर राम मनोहर लोहिया, जननायक कर्पूरी ठाकुर की चर्चा करते हुए वशिष्ठ नारायण सिंह ने कहा कि ये वे लोग हैं जिन्होंने समाज के हर वर्ग को जगाने का काम किया। इन्होंने ही बताया की स्वप्न ही विचार बनते हैं और जो स्वप्नदर्शी नहीं होगा, वह क्रांतिकारी नहीं बन सकता।
उन्होंने सरकार के सात निश्चय, कृषि रोडमैप, आधी आबादी के लिए किए जा रहे कार्य शराबबंदी, दहेज उन्मूलन आदि की चर्चा की। इस कार्यक्रम में जदयू के सभी प्रकोष्ठ के अधिकारियों समेत 1425 कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।