बाबूलाल मरांडी द्वारा कार्य समिति में सरकार को चुनौती देने पर शुक्रवार को प्रदेश भाजपा ने पलटवार किया है। प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता, प्रतुल शाहदेव और दीन दयाल वर्णवाल ने संयुक्त प्रेस वार्ता में कहा कि बाबूलाल के द्वारा मुख्यमंत्री रघुवर दास और भाजपा को चुनौती देना बहुत ही हास्यास्पद है। प्रवक्ताओं ने बाबूलाल पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि एक वर्ष में 4 चुनाव हार कर रिकार्ड बनाने वाले बाबूलाल मुख्यमंत्री रघुवर दास को चुनौती दे रहे हैं। प्रवक्ताओं ने बाबूलाल को ही चुनौती देते हुए कहा कि पहले बाबूलाल चुनाव जीतें तब किसी और पर उंगली उठायें।
कहा कि 2 सीटों वाली झाविमो अगर 43 सीटों वाली राष्ट्रीय पार्टी, बीजेपी को चुनौती और झारखंड में विकल्प के रूप में पेश कर रही है तो यह उनकी राजनीतिक नादानी के सिवा कुछ नहीं है। प्रतुल शाहदेव और दीनदयाल वर्णवाल ने कहा कि बाबूलाल का यह आरोप बेबुनियाद है कि झारखंड में संघर्ष बढ़ा है। अगर झारखंड में कुछ बढ़ा है तो वह है विकास की दर जो 8.6 फीसदी के साथ पूरे राष्ट्र में दूसरे स्थान पर है।
उन्होंने कहा कि बाबूलाल हताश-निराश हो चुके हैं। बाबूलाल का यह कहना कि कुछ दल उनकी पार्टी को कमजोर करने की साजिश कर रहे हैं यह उनकी मानसिक स्थिति को दर्शाता है। एक ओर बाबूलाल विपक्षी एकता की बात करके महागठबंधन के धरना- प्रर्दशन में शामिल होते हैं। वहीं दूसरी ओर वे बाकी विपक्षी दलों पर उन्हें कमजोर करने का आरोप लगाते हैं। उनके दोनों बयानों में जबरदस्त विरोधाभास है।