पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा दिल्ली में हैं | जानकार बताते हैं कि उन्हें तलब किया गया है | अमित शाह के झारखण्ड दौरे से पहले अर्जुन को दिल्ली करना एक अहम संकेत देने की कोशिश है| राजनीतिगुरु से अन ऑफिसियल बातचीत में झारखण्ड भाजपा के एक बड़े नेता ने कहा कि अमित शाह के तीन दिवसीय झारखण्ड दौरे से पहले केन्द्रीय भाजपा नेतृत्व यहाँ के सभी बड़े नेताओं की फीडबेक ले रहा है ताकि सरकार और संगठन के बीच बढ़ी खाई को पाटा जा सके |
कुछ समय पहले झारखण्ड के नाराज़ सांसदों ने रांची के सांसद रामटहल चौधरी के आवास पर बैठक कर झारखण्ड में नेतृत्व परिवर्तन की अघोषित मांग कर दी थी | चतरा सांसद सुनील सिंह, पलामू के एमपी बीडी राम, धनबाद के एमपी पीएन सिंह समेत कई सांसदों का आरोप था कि मुख्यमंत्री और प्रदेश के वरिष्ठ नौकरशाह जन प्रतिनिधियों को लगातार अपमानित कर रहे हैं | सांसदों के कई और भी गंभीर आरोप थे | भाजपा के केन्द्रीय पदाधिकारियों ने उस वक़्त इन्हें भरोसा दिलाया था कि इनकी बातें सुनी जाएँगी|
उस वक्त तो बात टल गई लेकिन बाद में वरिष्ठ भाजपा मंत्री सरयू राय को दिल्ली बुलाकर उनसे भी जानकारी ली गई | संघ की रिपोर्ट दिल्ली को मिल ही चुकी है, जिसमें विस्तार से सरकार के कामकाज के तरीके और शीर्ष के स्तर पर पोषित भ्रष्टाचार के कई मामले गिनाये गए | केन्द्रीय कैबिनेट के विस्तार से एकबारगी तो लगा कि भाजपा अब चुनाव मूड में आ चुकी है और नेतृत्व परिवर्तन के सारे कयास अब बंद हो जायेंगे| लेकिन अर्जुन मुंडा के दिल्ली तलब किये जाने पर झारखण्ड का सियासी पारा एकबार फिर गर्म हो गया है |