भाजपा की केन्द्र और राज्य सरकार ने मिलकर अनेक लोक कल्याणकारी कार्य किए हैं, फिर हम ढोल बजाने से क्यों बचें, हमें सरकार की उपलब्धियों के साथ घर-घर तक पहुंचाने की आवश्यकता है। यह बात भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, सांसद एवं विधानसभा चुनाव प्रभारी ओम प्रकाश माथुर ने आज प्रदेश कार्यालय में आयोजित विधानसभा संयोजक एवं सह संयोजकों की बैठक को सम्बोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि हमारी नीतियों, कार्यक्रमों पर जनता का अपार जन समर्थन है। हमारे पास सर्वमान्य विश्व प्रसिद्ध नेता है। प्रत्येक कार्यकर्ता नरेन्द्र मोदी की भूमिका में घर-घर सम्पर्क करें। श्री माथुर ने कहा कि हम सब ईमानदारी से लोक कल्याण में जुटे हैं। सरकार अंत्योदय के सपनों को तेजी से धरातल पर उतार रही है, जिसका देश की जनता ने लोकसभा चुनाव में अपने प्रचंड बहुमत से समर्थन किया है।
उन्होंने कहा कि बूथ की मजबूती हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए। हमें उपलब्धियों को बूथों पर समर्थन में बदलना है। उन्होंने कहा कि जनता यह समझ चुकी है कि लूट और भ्रष्टाचार से बचाकर सुशासन के माध्यम से विकास को धरातल पर भाजपा की सरकार ही उतार सकती है।
विधानसभा चुनाव सह प्रभारी नन्दकिशोर यादव ने कहा कि सभी प्रकार की जिम्मेवारी महत्वपूर्ण होती है। कार्य की सफलता का एक ही मंत्र है अपनी दक्षता का सदुपयोग करें। उन्होंने कहा कि हम कितना करते हैं से ज्यादा महत्वपूर्ण है हम कितनी दक्षता से करते हैं। श्री यादव ने कहा कि यह चुनाव अवसर भी है और चुनौती भी। हमें अपने परिश्रम से चुनौतियों पर विजय प्राप्त करना है।
मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने 65$ का संकल्प दिलाया है जिसे हम सबको अपने परिश्रम और प्रयासों से पूर्ण करना है। हमें जनता से लगातार सम्पर्क और संवाद बढ़ाने की आवश्यकता है। लोकसभा चुनाव के परिश्रम का परिणाम हम सब ने देखा है। हमें दिसम्बर तक चैन से नहीं बैठना है। श्री दास ने कहा कि पार्टी ने जो रोड मैप और कार्यक्रम निर्धारित किए हैं, उसके आधार पर मंजिल दूर नही है। केवल हमें ईमानदारी और निष्ठापूर्वक अपने जिम्मेदारी को निभाना है। हम सब केवल अपने-अपने दायित्वों पर फोकस करें।
उन्होंने कहा कि कोई ऐसा घर नहीं जहां सरकार की योजना का लाभ नहीं पहुंचा हो। यह सरकार कथनी की नहीं करनी की सरकार है। श्री दास ने कहा कि अंत्योदय के लक्ष्य को पूरा करने में सरकार सबका साथ-सबका विकास मंत्र को सार्थक कर रही है। योजनाओं के क्रियान्वयन में कोई भेदभाव नहीं है। उन्होने प्रधानमंत्री जी का आभार प्रकट करते हुए कहा कि यह झारखंड का सौभाग्य है कि प्रधानमंत्री कई राष्ट्रव्यापी योजनाओं का शुभारंभ भगवान बिरसा मुंडा और सिद्धो-कान्हू की धरती से कर रहे हैं।
आगामी 12 सितम्बर को प्रधानमंत्री जी के कर कमलों से झारखंड विधानसभा के नव निर्मित भव्य भवन का उद्घाटन होगा। इसके अतिरिक्त वे किसानों एवं व्यापारियों के लिए प्रारंभ हो रही मानधन पेंशन योजना का लोकार्पण करेंगे। साथ ही साहेबगंज में निर्मित बंदरगाह का भी उद्घाटन एवं 462 एकलव्य विद्यालय का शिलान्यास भी रांची से होगा। श्री दास ने कहा कि इसमें 69 एकलव्य विद्यालय झारखंड क्षेत्र में खुल रहे हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता ज्यादा से ज्यादा गरीब, किसानों एवं व्यापारियों को इस कल्याणकारी योजना से जोड़ें।
इसके पूर्व चुनाव प्रबंधन की दृष्टि से विधानसभा चुनाव में जिम्मेवारी संभालने वाले प्रमुख कार्यकर्ताओं की बैठक सम्पन्न हुई, जिसमें चुनाव प्रभारी ओम प्रकाश माथुर एवं सह प्रभारी नन्दकिशोर यादव का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।
संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने आगामी कार्य योजना एवं कार्यक्रमों पर प्रकाश डाला तथा सभी जिलों एवं विधान सभा संयोजकों से विस्तृत रिपोर्ट प्राप्त किए। उन्होंने विभिन्न कार्यक्रमों की दृष्टि से आवश्यक निर्देश भी दिए।
बैठक में अध्यक्षीय भाषण प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा ने तथा संचालन प्रदेश महामंत्री दीपक प्रकाश ने किया।
आज की बैठक में समीर उरांव, सत्येन्द्र तिवारी, सुबोध कुमार सिंह गुड्डू, नवीन जयसवाल, महेश पोद्दार, संजय सेठ, बी.डी. राम, जयंत सिन्हा, नीलकंठ सिंह मुंडा, रवीन्द्र राय, सरयू राय, सी.पी. सिंह, नीरा यादव, राज पलिवार, अमर बाउरी, लुईस मरांडी, अशोक भगत, अमित मंडल, राज सिन्हा, बिरंची नारायण, ताला मरांडी, राधाकृष्ण किशोर, फूलचन्द्र मंडल, ढुल्लू महतो, शेखर अग्रवाल, राकेश प्रसाद, विनय लाल, परमा सिंह, राम कुमार पाहन, जीतुचरण राम, गंगोत्री कुजूर, विमला प्रधान, गणेश गंझू, हरेकृष्णा सिंह, बालमुकुन्द सहाय, रविनाथ किशोर, लक्ष्मीचन्द्र दीक्षित, मधुसूदन जारुहार, अयोध्यानाथ मिश्र, सुमन सिंह, चन्द्र प्रकाश, जैलेन्द्र कुमार सहित विधानसभा के संयोजक, सह संयोजक एवं जिला अध्यक्ष उपस्थित थे।