स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद के बंधन को और मजबूत करेंगी प्रदेश महिला मोर्चा की बहनें, यह बातें शनिवार को भाजपा की राष्ट्रीय सचिव श्रीमती पूजा कपिल मिश्रा ने प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता को सम्बोधित करते हुए कहीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की रघुवर सरकार ने महिलाओं के स्वाभिमान, सम्मान, सुरक्षा और रोजगार के लिए अद्वितीय कल्याणकारी योजनायें चलायी है। राज्य सरकार ने महिला सशक्तिकरण के माध्यम से राज्य को प्रगति के पथ पर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया है।
श्रीमती मिश्रा ने राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की चर्चा करते हुए कहा कि एक रुपये में 50 लाख की सम्पत्ति का रजिस्ट्री कराकर महिलाओं को सम्पत्ति का मालकिन बनाया है। प्रधानमंत्री आवास निर्धन महिला के नाम पर किया जा रहा है, सखी मंडल के माध्यम से लाखों ग्रामीण महिलाओं को रोजगार से जोड़ा गया, महिला किसानों को इजराइल भेजकर प्रशिक्षण दिलाया गया, उज्जवला योजना, सिलिंडर के साथ चूल्हा रघुवर सरकार ने महिलाओं को विशेष उपहार दिए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य भर की बहनें रघुवर सरकार के इन कार्यों से खुश है तथा सरकार के प्रति अपना आभार प्रकट करना चाहती है।
8 सितम्बर को हरमू मैदान में प्रदेश के सभी जिलों से पार्टी की महिला बहनें हरमू मैदान पहुंचकर अपने यशस्वी और लोकप्रिय मुख्यमंत्री रघुवर दास जी को रक्षा सूत्र बांधकर ‘‘फिर एक बार रघुवर सरकार’’ का संकल्प लेंगी। राज्य की महिला शक्ति चाहती है कि जिस प्रकार से मुख्यमंत्री रघुवर दास ने महिलाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़कर उनकी समृद्धि और सुरक्षा का जिम्मा लिया है बहनें भी इस सरकार को आगामी विधानसभा चुनाव में फिर से बनाने का संकल्प दुहराती है।
मोर्चा की प्रदेश अध्यक्षा आरती सिंह ने कहा कि राज्य के 25 हजार बूथों तक महिला मोर्चा का सशक्त संगठन खड़ा है। लगभग 20 हजार बूथों से बहनों ने रघुवर दास जी के लिए रक्षा सूत्र भेजकर उन्हें आशीर्वाद दिया है। उन्होंने कहा कि कल हरमू मैदान में आयोजित कार्यक्रम में मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्षा विजया रहाटकर, प्रदेश प्रभारी कमलावती सिंह सहित प्रदेश के नेतागण भी उपस्थित रहेंगे।
प्रेसवार्ता में प्रदेश उपाध्यक्ष एवं मोर्चा की प्रभारी प्रिया सिंह पटेल भी उपस्थित थी।