भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सह राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा है कि पहले का झारखंड और अब का झारखंड में बहुत ही फर्क हो गया है.सभी क्षेत्रों में जबरदस्त विकास हुए हैं.यह तभी संभव हो पाया जब यहाँ पर स्पष्ठ बहुमत वाली भाजपा की सरकार बनी. उसके मुखिया रघुवर दास ने विकास के नये आयाम गढ़ने का काम किया है. वे मंगलवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे.उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूसरी पाली के चार महीने में हुए काम चार युगों तक याद किए जाएंगे। उन्होंने अनुच्छेद 370 और 35ए हटाने समेत किसानों और छोटे व्यापारियों को पेंशन दिए जाने का उल्लेख किया। सुधांशु ने केंद्र और राज्य में भाजपा की सरकार के कारण हो रहे कई विकास का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि हर चुनौती को भाजपा ने अवसर में बदला है।
श्री त्रिवेदी ने कहा कि राजनीति में भाजपा मूल्यों और शुचिता की प्राथमिकता की पक्षधर रही है। भ्रष्टाचारियों और अपराधियों को महिमामंडित करने का काम अन्य दलों ने किया है। जब उन्हें बताया गया कि कई भाजपा विधायकों पर कोर्ट में कई गंभीर मामले चल रहे हैं तो सुधांशु ने कहा कि अन्य पार्टियों से तुलना करें तो पाएंगे कि भाजपा विधायकों के खिलाफ कोर्ट में चल रहे मामलों के प्रकार अलग होंगे। सुधांशु ने कहा कि भाजपा और वाम दलों को छोड़कर सभी पार्टियों में वंशवाद हावी है। आप यह नहीं बता सकते कि 15 वर्ष बाद भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष कौन होगा, पर यह कोई भी बता सकता है कि 15 वर्ष बाद कांग्रेस का राष्ट्रीय अध्यक्ष गांधी परिवार का ही कोई सदस्य होगा। प्रेस वार्ता में पूर्व केंद्रीय मंत्री जयंत सिन्हा और प्रदेश मुख्यालय प्रभारी दीपक प्रकाश मौजूद थे।