राजमहल विधानसभा क्षेत्र के जुझारू झामुमो नेता एम टी राजा आज आजसू पार्टी में शामिल हो गए। टी राजा के अलावा जमुआ विधानसभा चुनाव 2014 में दूसरे स्थान पर रहे जेवीएम के सत्यनारायण दास, देवघर नगर पर्षद के उपाध्यक्ष संतोष पासवान और बरहेट से भाजपा से गमालियन हेंब्रम भी आजसू पार्टी में शामिल हुए।
आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने पार्टी का पट्टा पहनाकर उनका स्वागत किया। तीनों नेता अपने समर्थको के साथ रांची पहुंचे थे। इस मौके पर सुदेश कुमार महतो ने कहा कि जमीन से जुड़े और झारखंडी सवालों पर संघर्ष की पहचान रखने वाले एमटी राजा के आने से संताल परगना में पार्टी को सांगठनिक मजबूती मिलेगी। साथ ही झारखंड के विषयों पर संघर्ष का दायरा भी बढ़ेगा। टी राजा जन-जन से जुड़े नेता हैं और सुदूर गांवों में वे लोगों के साथ जुड़े रहे हैं।
इसके अलावा संतोष पासवान ने भी देवघर में सिंचाई, विस्थापितों की लड़ाई को मजबूती प्रदान की है। आम-अवाम की बुनियादी सुविधा के लिए जनता का प्रतिनिधित्व किया है। इन लोगो के पार्टी में आने से एक नया वातावरण बन सकेगा।
गौरतलब है कि एमटी राजा 2014 में राजमहल सीट से जेएमएम के टिकट पर चुनाव लड़े थे। भाजपा से वे महज 700 वोटों के अंतर से हार गए थे। इसके बाद भी उन्होंने मैदान नहीं छोड़ा। टी राजा ने कहा है कि एक क्षेत्रीय दल के तौर पर और झारखंड के सवालों पर चलने की प्रतिबद्धता के साथ आजसू पार्टी आगे बढ़ रही है। और इसी पार्टी का भविष्य भी दिखता है। यहां विचारों को प्रमुखता दिया जाता है। आजसू पार्टी में वे बहुत सोच समझ कर शामिल हो रहे हैं और उनसे जितना बन पड़ेगा पार्टी के झंडा को आगे बढ़ाने के लिए काम करेंगे।
इस अवसर पर केंद्रीय प्रवक्ता डॉ देवशरण भगत, महासचिव राजेंद्र मेहता, बनमाली मंडल, महेश राय, नजरूल हसन हासमी, अजय सिंह, राजा साहनी इत्यादि मुख्य रूप से उपस्थित थे।